नई दिल्ली (ईएमएस)। बीते वित्त वर्ष (एफवाई2026) में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिंद्रा की इलेक्ट्रिक कार महिंद्रा बीई 6 ने डिमांड के मामले में सबको पीछे छोड़ दिया। एफवाई 2026 में महिंद्रा बीई 6 को कुल 16,313 नए ग्राहक मिले, जो सालाना आधार पर 521 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि है। एक साल पहले यह आंकड़ा सिर्फ 2,625 यूनिट था। बीई 6 की सबसे बड़ी खासियत इसका स्पोर्टी कूपे डिजाइन है, जो किसी कॉन्सेप्ट कार जैसा दिखता है। इसमें सामने सी-शेप वाले एलईडी डीआरएलएस और बोल्ड बॉडी लाइन्स दी गई हैं, जबकि इसकी ढलान वाली छत और बड़े 19-इंच के अलॉय व्हील्स इसे एक प्रीमियम कूपे एसयूवी का अहसास कराते हैं। मार्केट में इस ईवी की एक्स-शोरूम कीमत 18.90 लाख रुपये से शुरू होती है। महिंद्रा ने इस इलेक्ट्रिक एसयूवी में दो बैटरी पैक के ऑप्शन दिए हैं। पहला 59 किलोवाट-घंटेकी बैटरी है जो लगभग 557 किलोमीटर की रेंज देती है, जबकि दूसरा 79 किलोवाट-घंटे का बड़ा बैटरी पैक एक बार फुल चार्ज होने पर 683 किलोमीटर (एआरएआई) तक की रेंज दे सकता है। डीसी फास्ट चार्जर की मदद से इसकी बैटरी को मात्र 20 मिनट में 20 से 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है। यह शून्य से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार सिर्फ 6.7 सेकंड में पकड़ लेती है।कार में 12.3-इंच की दो बड़ी स्क्रीन दी गई हैं, जो एलेक्सा और चैटजीपीटी जैसे स्मार्ट फीचर्स के साथ आती हैं। म्यूजिक लवर्स के लिए इसमें 16-स्पीकर वाला हरमन कार्डन का साउंड सिस्टम मिलता है। फीचर्स के मामले में महिंद्रा ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। सेफ्टी के लिए इसे भारत एनसीएपी क्रैश टेस्ट में 5-स्टार रेटिंग मिली है। इसमें स्टैंडर्ड के तौर पर 6-एयरबैग्स, लेवल-2 एडैस और 360-डिग्री कैमरा जैसे एडवांस फीचर्स दिए गए हैं, जो इसे बेहद सुरक्षित बनाते हैं। सुदामा/ईएमएस 23 अप्रैल 2026