मानसिक मन्द बुद्धि दिव्यांग सशक्तीकरण सेवा संस्था कर रही पुण्य कार्य हाथरस (ईएमएस)। भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए मानसिक मंदबुद्धि दिव्यांग सशक्तिकरण सेवा संस्था ने मानवता की मिसाल पेश की है। सासनी के गांव तिलौठी निवासी संस्था अध्यक्ष योगेश कुमार यादव ने अपनी टीम के साथ सक्रिय भूमिका निभाते हुए उत्तर मध्य रेलवे के तत्वावधान में संस्था द्वारा रेल यात्रियों के लिए निःशुल्क ठंडा पेयजल वितरण अभियान चलाया गया। संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचे जहां स्वयं दिव्यांग होते हुए लोगों की सेवा में जुट गये। और रेल में यात्रा कर रहे यात्रियों को ठंडा जल पिलाकर राहत पहुंचाई। अभियान का नेतृत्व उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के उपमहाप्रबंधक अतुल मिश्रा ने किया। इस दौरान उपमहाप्रबंधक ने दिव्यांगों के इस जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि सेवा का यह भाव समाज के लिए प्रेरणादायी है। इस पुनीत कार्य में उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज की परामर्शदात्री समिति के सदस्य रामगोपाल दीक्षित, स्थानीय रेल अधिकारियों और रेल प्रशासन का भरपूर सहयोग रहा। भीषण गर्मी में ठंडा पानी पीकर यात्रियों के चेहरे खिल उठे। जल सेवा में दिव्यांग अध्यक्ष संतोष तोमर, राकेश तोमर, निर्भय गुप्ता, मुरारी लाल शर्मा, त्रिलोकी नाथ वाष्णेय, इरशाद सिद्दीकी, निर्भय कुमार, अमित कुमार और ज्ञानेंद्र कुमार आदि ने बढ़-चढ़कर श्रमदान किया। ईएमएस / 25/04/2026