मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से गेहूं, चना और मसूर के उपार्जन तथा अन्य संबंधित विषयों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने रायसेन सहित विभिन्न जिलों के कलेक्टर्स से जिलों में उपार्जन कार्य की प्रगति की जानकारी ली। रायसेन में कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ यादव को कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा ने अवगत कराया कि जिले में समर्थन मूल्य पर उपज विक्रय हेतु गत वर्ष 77000 किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया था तथा इस वर्ष भी लगभग इतने ही किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। गत वर्ष 58 हजार किसानों द्वारा स्लॉट बुक कराया गया था तथा लगभग 55 हजार किसानों ने समर्थन मूल्य पर उपज विक्रय की थी। इस वर्ष अभी तक किसानों द्वारा 34683 स्लॉट बुक कराए गए हैं तथा इनमें से 21809 किसानों से 92173 मीट्रिक टन उपज खरीदी की जा चुकी है। उपार्जन केन्द्रों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस वर्ष 191 खरीदी केन्द्र बनाए गए हैं। जिले में शासन की उपार्जन नीति अनुरूप समर्थन मूल्य पर उपार्जन कार्य किया जा रहा है। किशोर वर्मा ईएमएस रायसेन 25(04/2026