नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वजीराबाद थाना पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह का मुख्य सरगना अभी फरार बताया जा रहा है। नॉर्थ जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि 21 अप्रैल की शाम वजीराबाद क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मोरादाबाद निवासी 49 वर्षीय मोहम्मद अयूब को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो देसी कट्टे और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का पता लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार सरगना की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। सुबोध/२५ -०४-२०२६