मुंबई (ईएमएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को उन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया गया था कि उनकी और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे की आधी रात को उनके आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ बंगले में गुप्त बैठक हुई थी। मुख्यमंत्री का यह स्पष्टीकरण राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों और विधान परिषद चुनावों से पहले बढ़ती राजनीतिक हलचल के बीच आया है। सोशल मीडिया हैंडल ‘प्रबुद्ध भारत’ की एक पोस्ट में दावा किया गया था कि उद्धव ठाकरे देर रात मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे। पोस्ट में यह भी कहा गया था कि बैठक का उद्देश्य ‘सौदेबाजी’ रोकने के लिए निर्विरोध विधान परिषद चुनाव सुनिश्चित करना था। देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट कहा कि ऐसी कोई बैठक नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि उनकी और उद्धव ठाकरे की मुलाकात होती है तो उसे गुप्त रखने की कोई आवश्यकता नहीं है और दोनों नेता खुले तौर पर मिल सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में उनके बीच ऐसा कोई मुद्दा नहीं है जिसे जनता से छिपाने की जरूरत हो। मुख्यमंत्री ने इस तरह की खबरें प्रसारित करने वालों की आलोचना करते हुए उन्हें झूठा बताया और कहा कि जानबूझकर गलत जानकारी फैलाने वालों को कानूनी नोटिस भेजे जाएंगे। इससे पहले, जब शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत से इस कथित मुलाकात को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने गोलमोल जवाब दिया। राउत ने कहा कि फडणवीस और उद्धव ठाकरे के बीच मुलाकात हुई या नहीं, इसकी पुष्टि वही दोनों नेता कर सकते हैं। गौरतलब है कि महाराष्ट्र विधान परिषद की नौ सीटों के लिए 12 मई को चुनाव होने हैं। उद्धव ठाकरे का मौजूदा कार्यकाल 13 मई को समाप्त हो रहा है। महा विकास अघाड़ी के सहयोगी दल सार्वजनिक रूप से उनसे दोबारा चुनाव लड़ने की अपील कर रहे हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) की नेता सुप्रिया सुले ने भी हाल ही में सोशल मीडिया के जरिए ठाकरे से उम्मीदवार बनने का आग्रह किया था। सुबोध/२५ -०४-२०२६