इम्फाल (ईएमएस)। मणिपुर के उखरुल जिले में हुई हिंसक झड़प के बाद केंद्र और राज्य की सुरक्षाबलों ने इलाके में अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि झड़प में शामिल लोगों को पकड़ने और स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इंफाल के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हिंसा की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को लिटन पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत मुल्लम गांव में भारी गोलीबारी हुई थी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान पाओमिनलुन हाओलाई (22), लेतलाल सितलहो (41) और होरशोकमी जमांग (29) के रूप में हुई है। बताया गया कि हाओलाई और सितलहो कुकी समुदाय से थे, जबकि जमांग तांगखुल नागा समुदाय से संबंधित थे। तीनों अलग-अलग जिलों—चुराचांदपुर, कांगपोकपी और कामजोंग—के निवासी थे। झड़प के दौरान मुल्लम गांव में कई घरों को भी आग के हवाले कर दिया गया। सुबोध/२५ -०४-२०२६