खेल
28-Apr-2026


मुंबई (ईएमएस)। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने हाल ही में अपनी धार्मिक निष्ठा और विनम्रता का ऐसा परिचय दिया, जिसने करोड़ों प्रशंसकों का दिल जीत लिया है। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में आयोजित एक समारोह के दौरान, जब उन्हें भगवान वेंकटेश्वर स्वामी की प्रतिमा भेंट की जा रही थी, तो सचिन ने उसे ग्रहण करने से पहले अपने जूते उतार दिए। इसका एक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां लोग सचिन के इस सांस्कृतिक सम्मान और श्रद्धा भाव की जमकर सराहना कर रहे हैं। यह मामला 27 अप्रैल को विशाखापत्तनम में प्रतिष्ठित आंध्र यूनिवर्सिटी के 100 वर्ष पूरे होने के भव्य समारोह के दौरान हुआ। इस शताब्दी समारोह में सचिन को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था। मंच पर जब आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सम्मान स्वरूप भगवान वेंकटेश्वर स्वामी की दिव्य प्रतिमा सचिन को प्रदान करने लगे तो सचिन अपनी कुर्सी से उठे और प्रतिमा को थामने से पहले उन्होंने अपने जूते उतारे। नंगे पैर प्रतिमा को ग्रहण करते हुए और फिर उसके साथ तस्वीरें खिंचवाते हुए सचिन की यह मुद्रा उनकी गहरी आस्था और भारतीय संस्कारों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह क्षण उन सभी के लिए प्रेरणा बन गया जो एक वैश्विक हस्ती में भी अपनी जड़ों से जुड़ाव देखना चाहते हैं। ईएमएस 28 अप्रैल 2026