राज्य
28-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। केजरीवाल ने हाई कोर्ट जज स्वर्ण कांता शर्मा के खिलाफ ‘सत्याग्रह’ का ऐलान किया है। आज वे दल-बल के साथ राजघाट पहुंचे। केजरीवाल के इस कदम पर कपिल मिश्रा ने तीखा हमला बोला है। कहा- बापू जिंदा होते तो लाठी लेकर दौड़ा देते। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हाई कोर्ट जज स्वर्ण कांता शर्मा के खिलाफ सत्याग्रह का ऐलान कर चुके हैं। सोमवार को वो सोशल मीडिया के जरिए सामने आए और करीब 10 मिनट में अपनी बात कही। उन्होंने जज शर्मा पर पक्षपात होने का आरोप लगाया और कहा कि वे अंतरआत्मा की आवाज को सुनते हुए गांधीजी के सत्याग्रह की राह पर चलेंगे। मंगलवार को केजरीवाल आम आदमी पार्टी के डिप्टी लीडर मनीष सिसोदिया और अन्य नेताओं संग राजघाट पहुंचे और बापू का आशीर्वाद लिया। केजरीवाल के इस कदम पर दिल्ली सरकार में मंत्री और भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने तीखा हमला बोला है। दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। केजरीवाल के सत्याग्रह को उन्होंने नाटक करार दिया। मिश्रा ने कहा, ‘अगर बापू ज़िंदा होते, तो आपको दिल्ली की सड़कों पर डंडा लेकर दौड़ाते। चोर और भ्रष्ट लोग भी अब सत्याग्रह का नाटक कर रहे हैं। आप पर शराब घोटाले का मामला है और आप बापू का नाम ले रहे हैं। कपिल मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि एक चोर, कमीशनखोर सत्याग्रह की बात कर रहा है। केजरीवाल गांधीजी की बात कर रहे हैं.... चोर बताएंगे कि जज कौन होगा? चोर फैसला करेंगे कि उनका फैसला कौन करेगा? ऐसा दुनिया में कहीं नहीं होता है। केजरीवाल ने कोर्ट में पिटीशन डाली और उनके पक्ष में फैसला नहीं आया। अब वो कह रहे हैं कि मैं इस फैसले को मानूंगा ही नहीं। इस प्रकार से न्यायिक व्यवस्था नहीं चलती। केजरीवाल को पता है कि वो इस मामले में फंसे हुए हैं और उन्होंने भ्रष्टाचार किया है। वो जांच को देरी करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आखिर में वो अपराधी भी साबित होंगे और जेल भी जाएंगे। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/28/ अप्रैल /2026