नई दिली(ईएमएस)। भगोड़े डॉन दाऊद इबराहिम का करीबी सहयोगी और मादक पदार्थों का बड़ा सरगना माने जाने वाले सलीम डोला को तुर्की से भारत डिपोर्ट कर दिया गया है। मंगलवार सुबह उसे दिल्ली लाया गया, जहां एयरपोर्ट पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने उसे हिरासत में ले लिया। एनसीबी के एक अधिकारी के मुताबिक, 59 वर्षीय सलीम से पहले पूछताछ की जाएगी और उसके बाद उसे महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों को सौंपा जाएगा, जहां उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। सलीम को रविवार को इस्तांबुल में तुर्की की नेशनल इंटेलिजेंस एजेंसी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया था। सलीम डोला की गिरफ्तारी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नार्को सिंडिकेट के खिलाफ जीरो टॉलरेंस। मोदी सरकार के ड्रग माफियाओं को बेदर्दी से खत्म करने के मिशन के तहत, हमारी एंटी-नारकोटिक्स एजेंसियों ने वैश्विक एजेंसियों के मजबूत नेटवर्क के जरिए अपनी पहुंच सीमाओं के पार तक बढ़ा दी है। अब ड्रग माफिया चाहे कहीं भी छिपे हों, उनके लिए कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है। विनोद उपाध्याय / 28 अप्रैल, 2026