राष्ट्रीय
28-Apr-2026


मलप्पुरम (ईएमएस)। केरल के मलप्पुरम जिले में मंगलवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक रबर टैपर की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय लोगों ने वन विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय सी. जमशीर के रूप में हुई है, जो करुवराकुंडु के पास मुल्लारा क्षेत्र के निवासी थे। बताया गया है कि जमशीर मंगलवार तड़के मनालियामपदम इलाके में स्थित एक रबर बागान में काम कर रहे थे। यह क्षेत्र केरलमकुंडु वॉटरफॉल्स के समीप वन क्षेत्र से सटा हुआ है। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया और उसने जमशीर पर हमला कर दिया। घटनास्थल पर मौजूद अन्य मजदूरों ने शोर मचाकर और प्रयास कर हाथी को वहां से भगाया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल जमशीर को तुरंत पेरिन्थलमन्ना के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे, लेकिन स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों और परिजनों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि इलाके में जंगली हाथियों की आवाजाही लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए। स्थानीय निवासियों ने सरकार और वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने, हाथियों की निगरानी करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। सुबोध/२८ -०४-२०२६राजगी दोनों देखी जा रही है।