राष्ट्रीय
28-Apr-2026


नई दिल्ली(ईएमएस)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि 29 अप्रैल के बाद पेट्रोल, डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया समाप्त होते ही सरकार महंगाई का बोझ आम जनता पर डाल सकती है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर हिंदी में पोस्ट करते हुए कहा कि “चुनावी राहत खत्म, अब महंगाई की तपिश आने वाली है। 29 अप्रैल के बाद पेट्रोल, डीजल और बाकी चीजें महंगी हो सकती हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम थीं, तब सरकार ने जनता को राहत देने के बजाय मुनाफा कमाया। अब जब तेल महंगा हो रहा है, तो उसका भार जनता पर डाला जाएगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह ऐसी सरकार है, जो सस्ता होने पर फायदा उठाती है और महंगा होने पर जनता को परेशानी झेलने के लिए छोड़ देती है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। केंद्र सरकार ने राहुल गांधी के दावों को सिरे से खारिज किया है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का कोई प्रस्ताव नहीं है। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के बाद दाम बढ़ने की अटकलें पूरी तरह गलत हैं। सुबोध/२८ -०४-२०२६