नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बेंगलुरु स्थित भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान (आईआईए) में 75 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई इमारत की आधारशिला रखी। यह आधुनिक भवन देश में उन्नत खगोल विज्ञान अनुसंधान और अंतरिक्ष विज्ञान उपकरण निर्माण क्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित भवन सात मंजिला होगा और इसका निर्मित क्षेत्र लगभग एक लाख वर्ग फुट से अधिक होगा। इस नई सुविधा से छात्रों, शोधकर्ताओं और राष्ट्रीय मिशनों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह परियोजना भारत को अत्याधुनिक अवलोकन विज्ञान और खगोल अनुसंधान के क्षेत्र में और मजबूत बनाएगी। उन्होंने कहा कि इतने बड़े निवेश के साथ बेहतर परिणाम देने की जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। उन्होंने भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान को एक विशिष्ट संस्था बताते हुए कहा कि इसका गौरवशाली इतिहास करीब तीन शताब्दियों पुराना है, जिसकी शुरुआत ऐतिहासिक मद्रास वेधशाला से हुई थी। मंत्री ने बताया कि आईआईए द्वारा विकसित तकनीकों का उपयोग इसरो सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष अभियानों में किया जा रहा है। नई इमारत बनने से संस्थान की अनुसंधान क्षमता और वैश्विक पहचान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। सुबोध/२८ -०४-२०२६