मध्य प्रदेश के किसानों पर हो रहा अन्याय अब बर्दाश्त नहीं भोपाल (ईएमएस) । यदि किसानों के साथ हो रहे अन्याय को तत्काल बंद नहीं किया गया, तो 7 मई को महाराष्ट्र बॉर्डर से राजस्थान बॉर्डर तक आगरा-बॉम्बे राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर महाचक्का जाम करेगी। यह बात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को बुधनी में आयोजित किसान आक्रोश सत्याग्रह में शामिल होकर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार पर किसानों के साथ अन्याय करने का आरोप लगातें हुए कही। उन्होंने कहा कि देश के कृषि मंत्री मध्य प्रदेश से आते हैं, लेकिन विडंबना यह है कि सबसे ज्यादा अत्याचार और अन्याय मध्य प्रदेश के किसानों पर ही हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को खाद की किल्लत, समर्थन मूल्य पर खरीदी में अव्यवस्था, बारदाने की कमी, स्लॉट बुकिंग में गड़बड़ी और जमीनों पर भूमाफियाओं के कब्जे जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सरकार विज्ञापनों में किसान कल्याण वर्ष मना रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि किसान कर्ज में डूबा हुआ है और अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहा है। पटवारी ने कहा कि मोहन यादव सरकार ने गेहूं पर 2700 रुपये एमएसपी देने का वादा किया था, लेकिन किसानों से 1800 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की जा रही है। यह किसानों के खून-पसीने की कमाई पर डाका है। उन्होंने आगे कहा खेत में गुड़ उगाने वाले, दूध उत्पादन का रकबा बढ़ाने वाले, एक बीघा में 50 क्विंटल गेहूं उगाने वाले, ऐसे अभिनंदन मुख्यमंत्री कभी भी मध्य प्रदेश के किसानों के साथ न्याय नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान किसानों की आय 8 गुना करने का दावा करते हैं, लेकिन उनके ही गृह क्षेत्र बुधनी में किसानों की बदहाली ने इन दावों की पोल खोल दी है। पटवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों के साथ हो रहे अन्याय को तत्काल बंद नहीं किया गया, तो 7 मई को महाराष्ट्र बॉर्डर से राजस्थान बॉर्डर तक आगरा-बॉम्बे राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर महाचक्का जाम करेगी। यह आंदोलन सेंधवा, बड़वानी, खरगोन, धार, देवास, शाजापुर, गुना, राजगढ़, शिवपुरी, मुरैना और ग्वालियर सहित पूरे मार्ग पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान की बात किसी दल या विचारधारा की नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और अन्नदाता के सम्मान की बात है। कांग्रेस पार्टी किसानों के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी। इस अवसर पर विधायक सचिन यादव,पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा,राजकुमार पटेल, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे ,किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरसी, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, सहित अनेक कांग्रेसजनएवं किसान साथी उपस्थित रहे।