राष्ट्रीय
28-Apr-2026


डोडा (ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में पाकिस्तान समर्थक पोस्टर का कथित वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में पुल डोडा क्षेत्र की एक दीवार पर लगाए गए पोस्टर में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। पोस्टर में पाकिस्तान की प्रशंसा करते हुए कुछ आपत्तिजनक संदेश भी लिखे गए हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में प्राथमिकी संख्या 95/2026 दर्ज कर ली गई है। डोडा के डीएसपी कृष्ण रतन ने बताया कि वीडियो में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे आम जनता के बीच अशांति फैल सकती है। इसी आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस फिलहाल यह भी जांच कर रही है कि वायरल वीडियो वास्तविक है या फिर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से तैयार किया गया है। अब तक घटनास्थल से संबंधित पोस्टर बरामद नहीं हुआ है और किसी की गिरफ्तारी भी नहीं हुई है। अधिकारियों ने बताया कि वीडियो की जियो-लोकेशन और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि इसकी सत्यता सामने लाई जा सके। पुलिस ने कहा है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही तथ्य सार्वजनिक किए जाएंगे। सुबोध/२८ -०४-२०२६