क्षेत्रीय
28-Apr-2026


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में लोकल ट्रेन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। यह हादसा घाटकोपर रेलवे स्टेशन पर हुआ। मृतक की पहचान 73 वर्षीय बाल सुब्रमण्यम अय्यर के रूप में हुई है, जो चेंबूर इलाके में रहते थे। मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना कल सुबह करीब 6.35 बजे हुई। बालसुब्रमण्यम अय्यर घाटकोपर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर स्लो लोकल पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान ट्रेन में चढ़ते समय उन्हें लोकल ट्रेन ने टक्कर मार दी, जिससे वे सीधे पटरियों पर गिर पड़े। हादसे में उनकी आंख में गंभीर चोट लगी और काफी ज्यादा खून बहने लगा। इसके अलावा उनका दायां पैर भी टूट गया। घटना के बाद स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने सुबह 6.58 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। कुर्ला रेलवे पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, उनके पास कोई पहचान पत्र या सामान नहीं मिला था। बाद में परिजनों को सूचना दी गई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। इससे पहले 9 अप्रैल को भी मुंबई में एक और हादसा हुआ था, जब चलती लोकल ट्रेन से गिरकर 71 वर्षीय व्यवसायी की मौत हो गई थी। मृतक का नाम कीर्ति वीरा था। यह घटना मुलुंड रेलवे स्टेशन पर हुई थी, जहां ट्रेन पकड़ते समय उनका हाथ छूट गया और वे नीचे गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल होने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। संजय/संतोष झा- २८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस