रायसेन। थाना कोतवाली पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला जेल पठारी भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, 24 अप्रैल को फरियादी दिनेश पिता लालाराम रैकवार एवं उसके भाई मुकेश रैकवार, निवासी राहुल नगर ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 23-24 अप्रैल की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे आरोपियों ने शराब बेचने की बात को लेकर विवाद किया और मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए तलवार एवं डंडों से जान से मारने की नीयत से प्राण घातक हमला कर दिया। इस हमले में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने बताया कि फरार आरोपियों नरेश ठाकुर (34), निवासी ओल्ड सुभाष नगर हुजूर गोविंदपुरा भोपाल, हाल निवास किनगी रोड बरेली, एवं अमन यादव (22), निवासी ग्राम भादनेर, थाना कोतवाली रायसेन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई। इसके बाद उन्हें जिला जेल पठारी भेज दिया गया।पुलिस का कहना है कि मामले में आबकारी शराब ठेकेदार के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। किशोर वर्मा ईएमएस 28/04/2026