फिरोजाबाद(ईएमएस) संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना उत्तर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों के कब्जे से 39 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद धनराशि के संबंध में संतोषजनक जानकारी न मिलने पर आयकर विभाग ने इसे प्रथम दृष्टया संदिग्ध मानते हुए सीजर की कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना उत्तर पुलिस टीम जलेसर रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गए और वापस लौटने का प्रयास करने लगे। पुलिस को शक होने पर दोनों को रोककर पूछताछ और तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर बीच में रखे कपड़े के बड़े बैग से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। गिनती करने पर कुल 39,50,000 रुपये मिले, जो 500-500 रुपये के 7900 नोटों की 79 गड्डियों में थे। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान फरमान पुत्र सिराजुद्दीन और सकील पुत्र मोहम्मद अलवार, निवासी मोहल्ला अग्रेयान, थाना जलेसर, जनपद एटा के रूप में हुई। मोटरसाइकिल फरमान चला रहा था, जबकि सकील पीछे बैठकर रुपये से भरा बैग पकड़े हुए था। पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्ति नकदी के स्रोत और इसे ले जाने के उद्देश्य के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने तत्काल आयकर विभाग को सूचना दी। सूचना पर आयकर विभाग, संजय प्लेस आगरा से अधिकारी संजीव कुमार थाना उत्तर पहुंचे और दोनों संदिग्धों से गहन पूछताछ की। आयकर जांच टीम को भी नकदी के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिसके बाद टीम ने बरामद धनराशि को प्रथम दृष्टया संदिग्ध मानते हुए सीजर कर लिया। फिलहाल आयकर विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बरामदगी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UP 80 FF 1233 सीडी डीलक्स) को भी कब्जे में ले लिया गया है। बरामदगी का विवरण: 39,50,000 रुपये नकद मोटरसाइकिल (UP 80 FF 1233 सीडी डीलक्स) इस कार्रवाई को लेकर पुलिस प्रशासन ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया है और कहा है कि जनपद में अवैध धन के परिवहन पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। ए.शर्मा फिरोजाबाद