खेल
28-Apr-2026


:: मानुष, मानव और हरमीत के दमदार खेल से ट्यूनीशिया पस्त, टूर्नामेंट में विजयी आगाज :: पुणे/लंदन (ईएमएस)। लंदन के कूपर बॉक्स एरेना में चल रही विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने अपने अभियान का आगाज शानदार अंदाज में किया है। टूर्नामेंट के पहले दिन भारतीय पुरुष टीम ने ट्यूनीशिया के खिलाफ अपना दबदबा बनाते हुए 3-0 से एकतरफा जीत दर्ज की, जबकि महिला टीम को बिना पसीना बहाए जीत मिल गई। पुरुष वर्ग में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद प्रभावी रहा। टीम को पहली सफलता मानुष शाह ने दिलाई। मानुष ने वसीम एसिद को 11-5, 9-11, 11-3, 11-5 से मात दी। दूसरे गेम में थोड़ी चुनौती मिलने के बाद मानुष ने अपने आक्रामक खेल के जरिए मैच पर तुरंत नियंत्रण वापस हासिल कर लिया। इसके बाद मानव ठक्कर ने बेहद एकतरफा मुकाबले में यूसुफ एदली को 11-3, 11-3, 11-3 से पराजित कर भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। जीत की औपचारिकता हरमीत देसाई ने पूरी की, जिन्होंने अबूबकर बौरास को 11-5, 11-4, 11-8 से हराकर भारत की 3-0 की दमदार जीत सुनिश्चित की। वहीं, महिला वर्ग के ग्रुप 6 के मुकाबले में भारतीय टीम के लिए दिन बेहद आसान रहा। युगांडा की टीम निर्धारित समय पर मुकाबले के लिए नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते भारत को 3-0 से वॉकओवर दे दिया गया। इस प्रकार भारतीय महिला टीम बिना कोर्ट पर उतरे ही अपने अभियान में जीत के साथ आगे बढ़ गई है। प्रकाश/28 अप्रैल 2026