गुना (ईएमएस)। जिला मुख्यालय पर आयोजित मंगलवार की जनसुनवाई में बमोरी तहसील के विश्वनगर खैजरा एवं हाल निवासी हड्डीमिल जगनपुर चक से आए पारदी परिवारों ने कलेक्टर और एसपी के सामने न्याय की गुहार लगाई। पीडि़तों ने आरोप लगाया कि गांव के ही आपराधिक प्रवृत्ति के पारदी बदमाशों ने उनकी करीब 22 बीघा कृषि भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है और उन्हें जान से मारने की धमकी देकर गांव से बाहर निकाल दिया है। फरार बदमाशों की दहशत, एक केस और सही बसपा नेता और पूर्व पार्षद गब्बू पारदी ने बताया कि विश्वनगर खैजरा में उनकी पुस्तैनी जमीन है, जिस पर वासु, महेश, नाथूड़ा, जुवाला जैसे अपराधियों ने कब्जा कर रखा है। इन बदमाशों पर पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है और ये लंबे समय से फरार हैं। गब्बू पारदी का आरोप है कि ये बदमाश खुलेआम धमकी देते हैं कि हम तो पहले से फरार हैं, एक और केस और मर्डर ही सही। पीडि़तों का कहना है कि दबंग बंदूक की नोक पर उन्हें डराते हैं, जिससे वे अपनी ही जमीन पर जाने से कतरा रहे हैं। मारपीट में तोड़ा पैर, फसल भी लूट ले गए दबंग जनसुनवाई में पहुँची कोमल सिंह पारदी और बबलू बाई ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि बदमाशों ने न केवल उनकी जमीन छीनी, बल्कि विरोध करने पर उनके साथ बेरहमी से मारपीट भी की। बबलू बाई ने बताया कि मारपीट के कारण उनका पैर फ्रैक्चर हो गया है। दबंगों ने उनकी खड़ी गेहूं की फसल जबरन काट ली। अब स्थिति यह है कि पीडि़त परिवार मजदूरी कर अपना गुजारा कर रहे हैं। आवेदन में कोमल सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो वे परिवार सहित आत्मदाह करने को मजबूर होंगे। प्रशासन ने दिया आश्वासन, एनकाउंटर की मांग पीडि़तों ने रुठियाई थाने और तहसील कार्यालय पर भी भ्रष्टाचार और सुनवाई न होने के गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन में तो यहाँ तक मांग की गई है कि इन इनामी बदमाशों का एनकाउंटर किया जाए ताकि आम जनता सुरक्षित रह सके। कलेक्टर और एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीडि़तों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही पर्याप्त पुलिस बल भेजकर उनकी जमीन से अवैध कब्जा हटवाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - सीताराम नाटानी