राज्य
29-Apr-2026
...


कोरबा (ईएमएस) गौ-सम्मान आह्वान अभियान अंतर्गत छत्तीसगढ़ में गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और गौ-आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें मांग की गई है कि छत्तीसगढ़ को गौ-माता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए विशेष राज्य के रूप में स्थापित किया जाए। गौवंश को पूर्ण संरक्षण प्रदान किया जाए। साथ ही राज्य को गौ-आधारित अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए ठोस नीतिगत निर्णय लेने की मांग की गई है। अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान कृषि, ग्रामीण संस्कृति और गौपालन से जुड़ी रही है।ऐसे में गौ-वंश के संरक्षण के बिना न तो किसानों की स्थिति सुदृढ़ हो सकती है और न ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो सकती है। उन्होंने रासायनिक खेती से होने वाले नुकसान का जिक्र करते हुए गौ-आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। यह भी कहा गया है कि गौवंश केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। इसके संरक्षण से किसानों को आत्मनिर्भर बनाने, स्वास्थ्यवर्धक आहार उपलब्ध कराने और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। अभियान तहत राज्य सरकार से मांग की गई है कि गौशालाओं को सशक्त किया जाए, गौवंश की सुरक्षा के लिए सख्त व्यवस्था बनाई जाए और गौ-आधारित उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं लागू की जाए। 29 अप्रैल / मित्तल