-पूर्व रॉ एजेंट ने सोशल मीडिया पर किया दावा नई दिल्ली,(ईएमएस)। ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान और उसके समर्थक आतंकवादी समूहों को गहराई से दहशत में डाल दिया है। आलम यह है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई भारतीय और बलूच समुदाय से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स पर 24 घंटे कड़ी निगरानी कर रही है। पूर्व रॉ एजेंट लकी बिष्ट ने दावा कर बताया कि पाकिस्तानी सेना की घबराहट आप तब देख चुके हैं जब डीजी आईएसपीआर अहमद शरीफ चौधरी ने स्वयं मीर यार बलूच जैसे अकाउंट्स की सूची लेकर प्रेसवार्ता की थी, जिससे उनकी घबराहट स्पष्ट थी। पूर्व रॉ एजेंट बिष्ट के अनुसार, पाकिस्तान की आईएसआई की डीजी टेक्निकल और आईएसपीआर की ब्रावो डिवीजन उन भारतीय और बलूच अकाउंट्स की लगातार जासूसी हो रही हैं जो पाकिस्तान की हकीकत को दुनिया के सामने उजागर कर रहे हैं। यह उनके गिरते मनोबल और गहरे खौफ को दिखाता है। बलूचिस्तान लंबे समय से असंतोष और विवादों का केंद्र रहा है। वहां से उठने वाली आवाज़ें जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचती हैं, तब पाकिस्तान की संस्थाएं अक्सर उन्हें दबाने या नियंत्रित करने की कोशिश करती हैं। ऑपरेशन सिंदूर पिछले साल 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा 26 निर्दोष पर्यटकों की नृशंस हत्या के जवाब में शुरू किया गया था। इस बर्बर हमले के बाद भारतीय सेनाओं ने आतंकवादियों के पूर्ण खात्मे के लिए यह व्यापक अभियान छेड़ा। ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में स्थित आतंकवादी ठिकानों पर सटीक हमले किए गए। सेना के मुताबिक, इन हमलों में सौ से अधिक आतंकवादी मारे गए। इस महत्वपूर्ण सैन्य ऑपरेशन की जानकारी भारत के राष्ट्रपति को भी दी गई थी। आशीष/ईएमएस 05 मई 2026