राष्ट्रीय
05-May-2026
...


-सरकार ने मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान किया पटना,(ईएमएस)। बिहार में विगत 24 घंटों के दौरान खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई है। तेज तूफान, मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। सबसे अधिक प्रभावित जिलों में पूर्वी चंपारण, गया और औरंगाबाद शामिल हैं। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। मौसम में यह अचानक बदलाव भीषण गर्मी और उमस के बाद देखने को मिला। सोमवार दोपहर के बाद आसमान में काले बादल छा गए और शाम तक तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने कई इलाकों को प्रभावित किया। राजधानी पटना के बाढ़ क्षेत्र में पेड़ गिरने और दीवार ढहने से दो लोगों की मौत हो गई। पूर्वी चंपारण में पांच, गया में तीन और औरंगाबाद में तीन लोगों की जान गई। इसके अलावा वैशाली, सीतामढ़ी और भोजपुर से भी मौतों की खबरें सामने आई हैं। सीतामढ़ी में बिजली का खंभा गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं रोहतास में एक युवक की बिजली गिरने से मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। इस बीच कटिहार रेल मंडल के आजमनगर स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब पेड़ की डाल हाई-टेंशन तार पर गिरने से आग लग गई। इससे ट्रेन सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित रहीं। तेज तूफान के कारण कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे सड़कें बाधित हो गईं और बिजली आपूर्ति घंटों तक ठप रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही राज्य में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की थी। हिदायत/ईएमएस 05मई26