राष्ट्रीय
05-May-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने हालिया चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की चुनावी रणनीति और संगठन क्षमता की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने खासकर पश्चिम बंगाल और असम जैसे राज्यों में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह उनकी मजबूत चुनावी योजना और संगठनात्मक दक्षता को दर्शाता है। शशि थरूर के अनुसार, उनकी कार्यशैली पेशेवर है और वे चुनाव अभियानों में संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हैं। सही मायने में इससे सीख लेने की जरुरत है। कांग्रेस नेता थरूर ने यह भी स्वीकार किया कि विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस, को इस तरह की रणनीति और संगठन से सीख लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केवल चुनाव हार या जीत पर प्रतिक्रिया देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने अपनी ही पार्टी के संदर्भ में कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को अब गंभीर आत्ममंथन करने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि केरल में पार्टी की सफलता यह दिखाती है कि सही रणनीति अपनाने पर बेहतर परिणाम संभव हैं। शशि थरूर ने कहा कि यदि केरल मॉडल का सही तरीके से विश्लेषण कर उसे अन्य राज्यों में लागू किया जाए, तो कांग्रेस अपनी स्थिति को मजबूत कर सकती है। उन्होंने संगठन, संसाधन प्रबंधन और जमीनी पकड़ को सुधारने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने आगे कहा कि चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के हालिया चुनाव परिणामों से यह स्पष्ट है कि कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौती है, लेकिन सही रणनीति से इसे अवसर में बदला जा सकता है। हिदायत/ईएमएस 05मई26