राष्ट्रीय
05-May-2026
...


-रक्षा राज्यमंत्री ने सेना के साहस को सराहा नई दिल्ली,(ईएमएस)। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों ने आतंकवादियों के ठिकानों को ध्वस्त कर दुश्मन की साजिशों को नाकाम किया। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मंगलवार को कहा कि इस अभियान ने न केवल सेना के साहस और दृढ़ संकल्प को प्रदर्शित किया, बल्कि स्वदेशी हथियारों और तकनीक की शक्ति को भी दुनिया के सामने रखा। राज्मंत्री सेठ 5 मई को आयोजित नॉर्थ टेक सिम्पोजियम 2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत की सैन्य ताकत अब बड़े पैमाने पर देश के भीतर विकसित रक्षा उद्योगों पर आधारित है। स्वदेशी रूप से तैयार अत्याधुनिक हथियार और प्रणालियां ऑपरेशन की सफलता में अहम साबित हुईं। उन्होंने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) और स्टार्टअप्स को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि ये 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने इन्हें “नए युग के विश्वकर्मा” बताया। रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि रक्षा उत्पादन और निर्यात में रिकॉर्ड वृद्धि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़े बदलाव का संकेत है। उन्होंने उद्योग जगत से नवाचार पर जोर देते हुए तकनीकी रूप से आगे रहने की अपील की। कार्यक्रम में ड्रोन, यूएवी और अन्य आधुनिक रक्षा तकनीकों का प्रदर्शन किया गया, जो भारत की बढ़ती रणनीतिक क्षमता को दर्शाता है। हिदायत/ईएमएस 05मई26