- अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम, परिजनों ने उठाए सवाल रायगढ़ (ईएमएस)। शहर के जिला जेल में बंद एक विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान तमनार क्षेत्र के कटरा पाली निवासी सुरेश रात्रे (38) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुरेश रात्रे को तमनार पुलिस ने 30 अप्रैल को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा था। सुबह उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि सुरेश शराब का अत्यधिक आदी था और जेल में आने के बाद अचानक सेवन बंद होने से उसकी शारीरिक व मानसिक स्थिति प्रभावित हुई। शनिवार को जेल डॉक्टर ने उसका इलाज कर दवाइयां दी थीं और उच्च उपचार की सलाह भी दी गई थी। घटना के वक्त परिजन जेल में मुलाकात के लिए पहुंचे थे, लेकिन उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि बंदी को अस्पताल ले जाया जा रहा है और उसकी हालत गंभीर है। मृतक के भाई नरेश रात्रे ने आरोप लगाया है कि कम मात्रा में शराब होने के बावजूद उसे बढ़ा-चढ़ाकर केस बनाकर जेल भेजा गया और जेल में उसके साथ प्रताड़ना हुई। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। वहीं जेल प्रशासन ने बताया कि बंदी शराब का आदी था और शराब न मिलने के कारण उसकी तबीयत बिगड़ी थी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। - (ईएमएस) 05 मई 2026