क्षेत्रीय
05-May-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। जिले के छाल थाना क्षेत्र में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे एक फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले से दुष्कर्म और डकैती जैसे गंभीर मामलों में भी शामिल रहा है और लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, ग्राम बरभौना निवासी चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्दु (28) कुरकुट पुल के पास आईपीएल मैच के दौरान बॉल-टू-बॉल सट्टा संचालित कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके मोबाइल फोन से ऑनलाइन सट्टे से जुड़े डिजिटल साक्ष्य, दांव के रिकॉर्ड और लेन-देन की जानकारी मिली है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ मार्च 2023 में छाल थाना क्षेत्र में दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वह जेल जा चुका है। जमानत पर रिहा होने के बाद वह रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में एक ट्रेडिंग ऑफिस में हुई डकैती के मामले में भी शामिल पाया गया और तब से फरार था। इसी दौरान वह अलग-अलग स्थानों पर छिपकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का नेटवर्क संचालित कर रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रूपधर पटेल (22) निवासी बरभौना को भी गिरफ्तार किया, जिसने ऑनलाइन माध्यम से पैसे ट्रांसफर कर सट्टा खेलने की बात स्वीकार की। उसके मोबाइल में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और चैट रिकॉर्ड भी मिले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ओप्पो रेनो 15 प्रो 5जी मोबाइल, एक रियलमी सी-25एस मोबाइल और नगदी सहित करीब 82 हजार रुपए की सामग्री जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। - (ईएमएस) 05 मई 2026