क्षेत्रीय
05-May-2026
...


अंबिकापुर (ईएमएस)। शहर के दर्रीपारा इलाके स्थित एक निजी अस्पताल में दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां जनरेटर के पंखे में दुपट्टा फंसने से गंभीर रूप से घायल हुई महिला गार्ड की इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, ग्राम लोधिमा निवासी अनिशा तिग्गा (27) संकल्प हॉस्पिटल में सुरक्षाकर्मी के रूप में कार्यरत थी। मौसम खराब होने के कारण उसे जनरेटर का डीजल चेक करने भेजा गया था। इसी दौरान चालू जनरेटर के पंखे में उसका दुपट्टा फंस गया, जिससे वह खिंचकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना में उसके सिर में गंभीर चोट आई और गला कसने से उसकी हालत नाजुक हो गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उसे तत्काल अस्पताल की इमरजेंसी यूनिट में भर्ती कराया, जहां लगातार इलाज के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और दो दिन बाद उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक महिला गार्ड से जनरेटर जैसी तकनीकी जिम्मेदारी लेना लापरवाही है। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल संचालक डॉ. अक्षय गोयल ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि अनिशा को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किए गए। उन्होंने परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। प्रबंधन ने मृतका की बेटी की शिक्षा का खर्च उठाने, भविष्य में उसे नौकरी देने और फिलहाल परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की घोषणा की है। अनिशा करीब एक साल से अस्पताल में कार्यरत थी और अपने पीछे एक बच्ची छोड़ गई है। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।