क्षेत्रीय
05-May-2026
...


- 180 बोरी महुआ लाहान नष्ट; दो आरोपी गिरफ्तार धमतरी(ईएमएस)। जिले में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। भखारा थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 180 बोरी से अधिक कच्ची महुआ लाहान और शराब बनाने की भट्टियों को नष्ट किया गया। इस दौरान 64 पौवा देसी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने ग्राम कोसमर्रा, कोपेडीह और आसपास के चिन्हित इलाकों में अलग-अलग टीमों के जरिए छापेमारी की। अभियान के दौरान अवैध शराब निर्माण के कई ठिकानों का भंडाफोड़ कर मौके पर ही उन्हें नष्ट कर दिया गया। पहली कार्रवाई ग्राम कोसमर्रा में नया तालाब के पास की गई, जहां पुलिस ने लेखराम पारधी (19) को पकड़ा। उसकी तलाशी में 29 पौवा (करीब 5.220 लीटर) देशी शराब और नकदी बरामद हुई। आरोपी के बताए स्थान से अतिरिक्त शराब और कुल मिलाकर 3,070 रुपये की नकदी जब्त की गई। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। दूसरी कार्रवाई ग्राम कोपेडीह में हुई, जहां खेत-खलिहान और नहर-नालों के आसपास संचालित अवैध शराब निर्माण स्थलों को चिन्हित कर ध्वस्त किया गया। इस दौरान भट्टियां, उपकरण और करीब 180 बोरी महुआ लाहान को मौके पर ही नष्ट किया गया। तीसरी कार्रवाई कोलियारी मोड़ के पास की गई, जहां पुलिस ने एक बाइक को रोककर तलाशी ली। इसमें 35 पौवा (करीब 6.300 लीटर) देशी शराब बरामद हुई। आरोपी तुलसी राम साहू उर्फ राजू (54) के पास शराब के परिवहन या बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं था। उसे भी गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत जेल भेज दिया गया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 मई 2026