गुना (ईएमएस)। मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में एक नेत्रहीन व्यक्ति अपनी पीड़ा लेकर पहुंचा और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। विजयपुर निवासी पप्पू प्रजापति ने बताया कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर वर्षों से सरकारी निर्माण हो चुके हैं, लेकिन उन्हें न तो जमीन का कब्जा मिला और न ही कोई मुआवजा। फरियादी के अनुसार उनके पिता के नाम पर वर्ष 1984 में सर्वे क्रमांक 685/1, रकबा करीब 0.651 हेक्टेयर भूमि का पट्टा हुआ था। लेकिन पिता के मानसिक रूप से अस्वस्थ रहने के कारण वे कभी जमीन पर अधिकार प्राप्त नहीं कर सके। पिता के निधन के बाद नामांतरण पप्पू प्रजापति के नाम हो गया, लेकिन वे खुद नेत्रहीन हैं, जिसके चलते जमीन का वास्तविक कब्जा लेना उनके लिए संभव नहीं हो पाया। पप्पू प्रजापति का आरोप है कि उनकी जमीन के बड़े हिस्से पर शासकीय स्कूल, अस्पताल और नगर पालिका की पानी की टंकी का निर्माण कर दिया गया है। वहीं कुछ हिस्से पर कथित रूप से अन्य लोगों ने कब्जा कर लिया और आपसी बंटवारा भी कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार तहसील से लेकर कलेक्टर कार्यालय तक आवेदन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नेत्रहीन फरियादी ने बताया कि हर बार उन्हें किसी के सहारे जनसुनवाई में आना पड़ता है, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है। वर्तमान में वे झोपड़ी में रहने को मजबूर हैं और आजीविका का कोई स्थायी साधन नहीं है। जनसुनवाई में उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि या तो उनकी जमीन उन्हें वापस दिलाई जाए या फिर इसके बदले अन्य स्थान पर जमीन अथवा उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि वे अपना जीवन यापन कर सकें। - सीताराम नाटानी