इंदौर (ईएमएस)। प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग मैनेजमेंट एंड रिसर्च के वार्षिक उत्सव ऊर्जोत्सव-2026 के तहत आयोजित सात दिवसीय खेल महोत्सव का समापन हुआ। इस वर्ष डेयरडेविल्स टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब जीता, जबकि रॉयल्स टीम उपविजेता रही। संस्थान के सीनियर डायरेक्टर डॉ. मनोज कुमार देशपांडे ने महोत्सव का शुभारंभ करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और अनुशासन विकसित करने का सर्वोत्तम माध्यम हैं। खेल अधिकारी विक्रम हंसारी के अनुसार, सप्ताह भर चली इस प्रतियोगिता में क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, बास्केटबॉल और शतरंज सहित कई इनडोर व आउटडोर खेलों में कुल आठ टीमों (6 बालक और 2 बालिका) ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में जबरदस्त प्रतिस्पर्धात्मक भावना और टीमवर्क देखने को मिला। प्रकाश/05 मई 2026