खेल
05-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी दिल्ली में खेले जा गए आईपीएल के एक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित बीस ओवर में सात विकेट के नुकसान पर एक सौ पचपन रन बनाए और चेन्नई सुपर किंग्स के सामने जीत के लिए 156 रन का लक्ष्य रखा। शुरुआती झटकों के बावजूद दिल्ली ने अंतिम ओवरों में तेज बल्लेबाजी करते हुए सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवा दिए। पथुम निसांका ने 19, लोकेश राहुल ने 12, नितीश राणा ने 15 और करुण नायर ने 13 रन का योगदान दिया। कप्तान अक्षर पटेल भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और केवल दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मध्यक्रम में ट्रिस्टन स्टब्स ने पारी को संभालते हुए 31 गेंदों पर अड़तीस रन बनाए। लेकिन मैच का सबसे बड़ा आकर्षण समीर रिजवी की विस्फोटक बल्लेबाजी रही। उन्होंने 24 गेंदों पर नाबाद 40 रन बनाते हुए चार शानदार छक्के लगाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंतिम ओवर में आशुतोष शर्मा ने भी तेज 14 रन जोड़कर टीम का स्कोर आगे बढ़ाया। चेन्नई की ओर से नूर अहमद ने सबसे प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए दो विकेट हासिल किए, जबकि अकील हुसैन, मुकेश चौधरी, गुरजापनीत सिंह और जेमी ओवरटन को एक-एक सफलता मिली। सुबोध/०५-०५-२०२६