-बर्क की चिंता के साथ ही यूपी में 2027 चुनाव की हलचल तेज नई दिल्ली,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत के बाद देश की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है। इसी बीच संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद ज़िया उर रहमान बर्क ने प्रतिक्रिया देते हुए प्रशासनिक दुरुपयोग और राजनीतिक प्रतिशोध को लेकर चिंता जताई है। सांसद ज़िया उर रहमान बर्क ने कहा, कि भाजपा की जीत अपने आप में मुद्दा नहीं है, लेकिन वास्तविक चिंता इस बात की है कि कहीं जनता को दबाने और विरोधियों को झूठे मामलों में फंसाने की प्रवृत्ति न बढ़े। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक रिकॉर्ड और कानूनी प्रक्रियाओं का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव के लिए किया जा सकता है। सांसद बर्क ने कहा कि यदि लोग डरकर चुनावी प्रक्रिया से पीछे हट जाएं, तो लोकतंत्र का अर्थ ही समाप्त हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि देश के कई हिस्सों में जहां भाजपा सत्ता में है, वहां इस तरह की चिंताएं पहले भी उठती रही हैं। सांसद बर्क ने आशंका जताई कि आगामी 2027 के चुनावों को देखते हुए उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में राजनीतिक माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो सकता है। उन्होंने कहा कि वोटरों के साथ भेदभाव और विपक्षी नेताओं को कानूनी मामलों में उलझाने का खतरा बना रहता है। वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है, कि बंगाल चुनाव परिणाम ने राष्ट्रीय राजनीति की दिशा को प्रभावित किया है और अब इसका असर उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में होने वाले चुनावों की रणनीति पर भी साफ देखने को मिलेगा। हिदायत/ईएमएस 05मई26