राष्ट्रीय
05-May-2026
...


-फैशन डिजाइनर से बनीं राजनेता कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत के बाद राज्य की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। इस दौड़ में महिला उम्मीदवार के तौर पर अब सबसे ज्यादा जिस नाम की चर्चा हो रही है, वह है अग्निमित्रा पॉल। फैशन डिजाइनर से राजनीति में कदम रखने वाली अग्निमित्रा पॉल भाजपा की प्रमुख महिला चेहरों में से एक मानी जाती हैं। 25 नवंबर 1974 को जन्मीं पॉल ने बॉटनी में ग्रेजुएशन करने के बाद फैशन टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा और एमबीए की पढ़ाई की। राजनीति में आने से पहले वे कोलकाता की एक सफल फैशन डिजाइनर और व्यवसायी थीं। उनका फैशन ब्रांड ‘इंगा’ काफी लोकप्रिय रहा है। उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों जैसे “कोई मेरे दिल से पूछे” और “वाया दार्जिलिंग” के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइन किए हैं। इसके अलावा उन्होंने कई फैशन वीक में अपनी कलेक्शन पेश की और श्रीदेवी, मिथुन चक्रवर्ती और के के मेनन जैसे कलाकारों के लिए भी काम किया। साल 2019 में जॉइन की थी भाजपा राजनीतिक सफर की बात करें तो अग्निमित्रा पॉल ने 2019 में भाजपा जॉइन की। इसके बाद वे तेजी से संगठन में आगे बढ़ीं और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष बनीं। इस दौरान उन्होंने राज्य के कई जिलों में महिलाओं के लिए सेल्फ डिफेंस कार्यक्रम भी चलाए। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने आसनसोल दक्षिण सीट से जीत दर्ज की और पहली बार विधायक बनीं। 2026 के चुनाव में उन्होंने इस सीट पर एक बार फिर मजबूत जीत हासिल की, जिससे पार्टी में उनकी स्थिति और मजबूत हो गई। सीएम की दौड़ में कई नाम पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद जनवरी 2026 में उन्हें भाजपा पश्चिम बंगाल की उपाध्यक्ष बनाया गया। भाजपा की इस बड़ी जीत के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए कई नाम चर्चा में हैं, जिनमें सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष और समिक भट्टाचार्य जैसे नेता शामिल हैं। अभिनेत्री रूपा गांगुली का नाम भी महिला चेहरे के तौर पर सामने आया है। हिदायत/ईएमएस 05मई26