राष्ट्रीय
05-May-2026
...


-पाकिस्तान और रूस जैसे हालात की कर रहे बात मुंबई,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की भारी जीत और 206 सीटों के साथ सत्ता परिवर्तन के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। जहां एक ओर भाजपा ने इस परिणाम को ऐतिहासिक जनादेश बताया है, वहीं विपक्ष ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने इस जीत पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह लोकतंत्र की जीत नहीं है, बल्कि “चुनाव प्रबंधन की जीत” है। इसी के साथ ही संजय राउत ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत लाखों मतदाताओं के नाम हटाए गए, जिससे चुनाव परिणाम प्रभावित हुआ। संजय राउत ने दावा किया कि जीत और हार के बीच करीब 11 लाख वोटों का अंतर था, और अगर मतदाता सूची में बदलाव न होता तो परिणाम अलग हो सकते थे। उन्होंने कहा कि इस तरह के चुनाव उन्होंने पाकिस्तान, रूस और अज़रबैजान जैसे देशों में देखे हैं, जहां पहले परिणाम तय कर लिए जाते हैं और बाद में चुनाव कराए जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह पूरी प्रक्रिया लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इसे “चुनाव नहीं बल्कि सेटअप” कहा जाना चाहिए। उनके अनुसार, विपक्षी दलों को इस मुद्दे पर एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए थी। हिदायत/ईएमएस 05मई26