-गृह मंत्री को भाजपा ने बनाया केंद्रीय पर्यवेक्षक नई दिल्ली,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में मुख्यमंत्री चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी के संसदीय बोर्ड ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पश्चिम बंगाल में विधायक दल के नेता के चयन के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वहीं ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि चुनाव के बाद अब विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री का नाम तय किया जाएगा। इस बीच मुख्यमंत्री पद के लिए संभावित चेहरों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राज्य में पार्टी के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। उन्होंने हालिया चुनाव में भाबनीपुर सीट पर बड़ी जीत दर्ज कर राजनीतिक रूप से अपनी स्थिति मजबूत की है। इससे पहले भी 2021 में नंदीग्राम सीट पर उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराकर सुर्खियां बटोरी थीं। हिदायत/ईएमएस 05मई26