कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां न्यूटाउन इलाके में एक भाजपा कार्यकर्ता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार विवाद तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर शुरू हुआ था। आरोप है कि इसी बात को लेकर तृणमूल कांग्रेस से जुड़े एक कार्यकर्ता और उसके साथियों का भाजपा कार्यकर्ता से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और भाजपा कार्यकर्ता पर कथित तौर पर लाठी, डंडों और घूंसों से हमला किया गया। परिजन और स्थानीय लोगों का आरोप है कि गंभीर रूप से घायल कार्यकर्ता को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। भारतीय जनता पार्टी ने इस घटना को राजनीतिक हिंसा करार देते हुए राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं तृणमूल कांग्रेस की ओर से इन आरोपों को निराधार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद बंगाल की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। सुबोध/०५-०५-२०२६