राष्ट्रीय
05-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। अफ्रीका के पश्चिमी तट के पास समुद्र में खड़े एक यात्री जहाज पर दुर्लभ वायरल संक्रमण के संदिग्ध मामलों ने दुनियाभर के स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है। विश्व स्वस्थ्य संगठन ने इस घटना पर नजर रखते हुए सतर्कता बढ़ाने की सलाह दी है, हालांकि फिलहाल व्यापक संक्रमण का खतरा कम बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार जहाज पर कुल एक सौ सैंतालीस यात्री और कर्मचारी सवार हैं। अब तक सात लोगों में संक्रमण जैसे लक्षण पाए गए हैं, जिनमें तीन लोगों की मौत की खबर सामने आई है। इसके बाद जहाज को समुद्र में ही निगरानी में रखा गया है और यात्रियों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि संक्रमित लोग जहाज पर सवार होने से पहले दक्षिण अमेरिकी क्षेत्र की यात्रा के दौरान वायरस की चपेट में आए हो सकते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या सीमित स्तर पर व्यक्ति से व्यक्ति में संक्रमण फैलने की आशंका है। विशेषज्ञों के अनुसार यह वायरस आमतौर पर संक्रमित चूहों या उनके मल–मूत्र के संपर्क से फैलता है और मानव से मानव संक्रमण के मामले बेहद दुर्लभ माने जाते हैं। भारत समेत एशियाई देशों के लिए फिलहाल तत्काल चिंता की कोई स्थिति नहीं बताई गई है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय यात्रा और स्वास्थ्य जांच को लेकर सतर्कता बढ़ाने की सलाह दी गई है। वैश्विक स्वास्थ्य एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। सुबोध/०५-०५-२०२६