राष्ट्रीय
05-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत अब पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गई है। राज्य में पहली बार सत्ता तक पहुंचने वाली भाजपा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बधाइयां मिलनी शुरू हो गई हैं। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस बड़ी चुनावी सफलता पर शुभकामनाएं दी हैं और इसे ऐतिहासिक तथा निर्णायक जनादेश बताया है। अमरीकी राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को हाल ही में मिली शानदार जीत पर बधाई दी है। बयान में कहा गया कि यह जीत भारतीय लोकतंत्र की ताकत और जनता के विश्वास का प्रतीक है। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी ने 206 पर जीत दर्ज करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। इस परिणाम के साथ राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लंबे समय से सत्ता पर काबिज तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है और पहली बार भाजपा ने बंगाल की सत्ता का रास्ता तय किया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह जीत केवल एक राज्य की सत्ता परिवर्तन की कहानी नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी एक बड़ा संदेश है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल रही प्रतिक्रियाएं यह संकेत दे रही हैं कि भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया और चुनावी परिणामों पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है। सुबोध/०५-०५-२०२६