राज्य
05-May-2026
...


:: पीएम गतिशक्ति परियोजना के तहत 15 करोड़ से हुआ निर्माण; अब विशेष कंटेनरों से होगा राख का सुरक्षित परिवहन :: इंदौर/खंडवा (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड ने पर्यावरण संरक्षण और अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक बड़ी छलांग लगाई है। खंडवा स्थित श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह, दोंगलिया में फ्लाई ऐश (राख) के कुशल प्रबंधन और सुगम परिवहन के लिए एक आधुनिक रेलवे प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पीएम गतिशक्ति परियोजना के तहत निर्मित यह प्लेटफॉर्म न केवल लॉजिस्टिक्स अवसंरचना को मजबूती देगा, बल्कि राख के परिवहन को पूरी तरह प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह प्लेटफॉर्म 630 मीटर लंबा है, जिसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया गया है। इस प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ एक साथ संपूर्ण रेल रैक को खड़ा किया जा सकता है, जिससे विशेष कंटेनरों में फ्लाई ऐश की लोडिंग और अनलोडिंग अत्याधुनिक मशीनों के जरिए अत्यंत सुगमता से होगी। इससे पूर्व फ्लाई ऐश का परिवहन सड़क मार्ग से बल्करों या रेलवे के रैक में तिरपाल ढंककर किया जाता था, जिसमें उड़ती राख के कारण प्रदूषण की आशंका और व्यावहारिक चुनौतियां बनी रहती थीं। अब कवर्ड कंटेनरों के प्रयोग से वातावरण पूरी तरह स्वच्छ रहेगा। कंपनी के इस नवाचार से अब लंबी दूरी तक फ्लाई ऐश का परिवहन न केवल किफायती होगा, बल्कि संचालन में आने वाली तकनीकी बाधाएं भी समाप्त होंगी। मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी ने पीएम गतिशक्ति परियोजना का प्रभावी उपयोग करते हुए अपनी लॉजिस्टिक्स लागत को कम करने और अवसंरचना सुदृढ़ीकरण के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यह पहल विद्युत गृहों द्वारा पर्यावरण प्रबंधन और सतत विकास के संकल्प को धरातल पर उतारने का उत्कृष्ट उदाहरण है। प्रकाश/05 मई 2026