राज्य
05-May-2026


:: 31 जुलाई तक सामान्य शुल्क के साथ भरे जा सकेंगे फॉर्म, दिसंबर में होगी परीक्षा :: इंदौर/भोपाल (ईएमएस)। म.प्र. मदरसा बोर्ड ने हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी (उर्दू माध्यम) परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित करते हुए शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया है। छात्र अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से स्वयं या अध्ययन केंद्रों के जरिए परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। इस वर्ष बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि छात्र सीधे ऑनलाइन आवेदन करते हैं, तो उन्हें अपने जिले के जिला शिक्षा अधिकारी या मदरसा प्रभारी से आवेदन पत्र का सत्यापन कराकर निर्धारित समय-सीमा में बोर्ड कार्यालय भेजना अनिवार्य होगा। क्रेडिट योजना के तहत शामिल होने वाले छात्रों के लिए नियम कड़े किए गए हैं। ऐसे परीक्षार्थियों को संबंधित मंडल से अपनी अंकसूची का सत्यापन कराकर मूल प्रति आवेदन के साथ संलग्न करनी होगी। जो छात्र स्वयं सत्यापन नहीं कराएंगे, उन्हें बोर्ड द्वारा निर्धारित 1000 रुपये का सत्यापन शुल्क ऑनलाइन या चालान के माध्यम से जमा करना होगा। परीक्षा शुल्क और विस्तृत विवरण बोर्ड की वेबसाइट mpmb.org.in पर उपलब्ध करा दिया गया है। जारी कैलेंडर के अनुसार, 31 जुलाई तक सामान्य शुल्क के साथ आवेदन किए जा सकते हैं। इसके बाद 1 अगस्त से 5 सितंबर तक विभिन्न चरणों में 200 से 1000 रुपये तक विलंब शुल्क देय होगा। आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 7 सितंबर तक का समय दिया गया है, जिसके लिए प्रति फॉर्म और प्रति विषय 200 रुपये का शुल्क निर्धारित है। प्रवेश पत्र 15 नवंबर से ऑनलाइन डाउनलोड किए जा सकेंगे। वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन दिसंबर माह में म.प्र. राज्य ओपन स्कूल द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार होगा, जबकि परिणाम जनवरी-फरवरी 2027 में घोषित होने की संभावना है। प्रकाश/05 मई 2026