क्षेत्रीय
07-May-2026
...


भोपाल (ईएमएस)। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, राज्य शाखा, भोपाल द्वारा विश्व रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को रेडक्रॉस चिकित्सालय परिसर में निःशुल्क सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अजय खेमरिया आयुक्त, दिव्यांगजन मप्र एवं विशिष्ट अतिथि प्रबंध समिति सदस्य विवेक चतुर्वेदी के अलावा रेडक्रास के चेयरमैन डॉ श्याम सिंह कुमरे, महासचिव रामेंद्र सिंह उपस्थित थे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ अजय खेमरिया ने कहा कि चिकित्सकों का प्रारब्ध इतना प्रबल होता है कि उन्हें ईश्वर सेवा के कौशल के साथ धरती पर भेजता है जबकि अन्य उधोगपति पहले धन कमाते हैं और बाद में सेवा करने के अवसर तलाशते हैं।डॉ खेमरिया ने मप्र में रेडक्रॉस की नई टीम के नेतृत्व में जारी सेवा कार्यों की सराहना की। रेडक्रॉस महासचिव रामेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में रेडक्रास की इकाइयों के माध्यम से समाज में सेवा के कार्य चरणबद्ध तरीके से जारी हैं।सेवा सप्ताह के दौरान समाज के हर जरूरतमंद के बीच रेडक्रॉस पहुँचने की कोशिश कर रहा है।रेड क्रॉस के जनरल सेक्रेटरी रामेंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष विश्व रेडक्रॉस दिवस की थीम “मानवता को जीवित रखना” को ध्यान में रखते हुए, प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आमजन के स्वास्थ्य कल्याण हेतु इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। चेयरमैन डॉ श्यामसिंह कुमरे ने बताया कि मप्र में जूनियर रेडक्रॉस के माध्यम से प्राथमिक उपचार और आपदा बचाव के लिए स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यारथियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रदेश प्रबन्धन समिति के सदस्य विवेक चतुर्वेदी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए चिकित्सालय संयोजक डॉ. अभिजीत देशमुख ने बताया कि शिविर में हड्डी रोग, हृदय रोग, स्त्री रोग, नेत्र रोग, शिशु रोग, छाती एवं श्वास रोग, दंत रोग, चर्म रोग, सर्जरी तथा नाक-कान-गला रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। शिविर में आधा सैंकड़ा महिलाओं की स्तन कैंसर सर्विक्स कैंसर की जांच एडवांस्ड मशीनों से की गई। शिविर में विशेषज्ञ डॉ. नितिन गर्ग, डॉ. अतुल समैंया, डॉ. अमित जैन, डॉ. महेंद्र चैहान, डॉ. अनिरुद्ध तिवारी एवं डॉ. रूपेश जैन द्वारा मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया गया। इस शिविर में सभी क्लीनिकल जांचों पर 50 की रियायत उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन डॉ अग्रवाल ने किया। ईएमएस / 07 मई 26