भोपाल(ईएमएस)। एम्स भोपाल लगातार सामुदायिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनहितकारी गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसी क्रम में कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर के नेतृत्व में तथा चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) विकास गुप्ता के सक्रिय सहयोग एवं मार्गदर्शन में बकानिया गांव में “बीट द हीट” विषय पर स्वास्थ्य शिविर एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को गर्मी के मौसम में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं और उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना था। इस कार्यक्रम का संचालन कम्युनिटी एंड फैमिली मेडिसिन विभाग के सीनियर रेजिडेंट डॉ. कुलदीप गुप्ता एवं जूनियर रेजिडेंट डॉ. हिमानी राज द्वारा किया गया। डायटेटिक्स विभाग की डायटीशियन सुश्री निधि वैद्य एवं सुश्री साची सोनकर ने भी कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को गर्मी और लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में सरल एवं उपयोगी जानकारी दी गई। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, दोपहर के समय तेज धूप से बचने, हल्के एवं ढीले कपड़े पहनने तथा हीट एग्जॉशन और हीट स्ट्रोक के शुरुआती लक्षणों को पहचानने के बारे में जागरूक किया गया। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार, पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए। ग्रामीणों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी दिखाई और चिकित्सा विशेषज्ञों से उपयोगी जानकारी प्राप्त की। यह स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एम्स भोपाल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हरि प्रसाद पाल / 17 मई, 2026