क्षेत्रीय
17-May-2026


पिछले दो दिन से जिले भर में विभाग चला रहा विशेष अभियान छिंदवाड़ा (ईएमएस)। अवैध शराब के खिलाफ इन दिनों आबकारी विभाग पूरे जिले में अभियान चला रहा है। रविवार को चौरई वृत्त के आबकारी अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 लीटर हाथ भट्टी शराब, 780 किलो महुआ लाहन और एक दुपहिया वाहन जब्त किया। कार्रवाई के दौरान एक शराब तस्कर आबकारी टीम को देखकर वाहन और शराब से भरी बोरी छोड़ जंगल की ओर फरार हो गया। कलेक्टर हरेंद्र नारायण के निर्देश एवं सहायक आबकारी आयुक्त बीआर वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा चांद थाना क्षेत्र में सुबह से ही छापामार कार्रवाई की जाती रही। गश्त के दौरान लालगांव के समीप आबकारी दल को देखकर एक दुपहिया सवार घबरा गया और वाहन खेत किनारे छोडक़र जंगल में भाग निकला। मौके पर मिली पीली बोरी की तलाशी लेने पर उसमें करीब 25 लीटर हाथ भट्टी शराब बरामद हुई। आबकारी अमले ने शराब और दुपहिया वाहन जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आबकारी टीम ने बाड़ीवाड़ा स्थित पेंच नदी किनारे संचालित अवैध शराब अड्डों पर भी दबिश दी। यहां से 20 लीटर हाथ भट्टी शराब और लगभग 780 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया। टीम ने मौके पर शराब बनाने की सामग्री नष्ट करते हुए संबंधित आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश सिंघल, आरक्षक सचिन श्रीवास्तव सहित विभागीय अमला मौजूद रहा। अवैध कारोबारियों में हडकंप आबकारी विभाग की लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हडक़ंप की स्थिति बनी हुई है। जिले के खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में कच्ची शराब बनाने और उसे अवैध रूप से बेचने का कारोबार चोरी छिपे कर रहा है। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग का मैदानी अमला इनके अड्डों पर दबिश देकर कार्यवाही कर रहा है और संबंधितों के खिलाफ मामले भी बना रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। ईएमएस/मोहने/ 17 मई 2026