पिछले एक सप्ताह में अनाज की कुल मात्रा घटी छिंदवाड़ा (ईएमएस)। जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी का असर अब व्यापार पर भी दिख रहा है। 42-43 डिग्री तक पहुंच चुका तापमान और चल रही गर्म हवाओं का असर एक सप्ताह पहले तक रोज हो रही 28 से 30 हजार क्विंटल की आवक सप्ताह के खत्म होते होते 20 हजार क्विंटल तक आ गई। तेज धूप और तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण किसानों भी इससे बच रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से मंडी में गेहूं, मक्का और अन्य फसलों की आवक सामान्य दिनों की तुलना में कम दर्ज की जा रही है। सुबह से ही तेज धूप और लू जैसे हालात बनने लगते हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों से किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचने से बच रहे हैं। कई किसान सुबह जल्दी या शाम के समय ही उपज लेकर आने को प्राथमिकता दे रहे हैं। 7 मई को मंडी में अनाज की कुल आवक 28 हजार क्ंिवटल से ज्यादा थी जो 15 मई को 20 हजार 555 क्विंटल दर्ज की गई। पिछले सप्ताह 12 मई के बाद तापमान अचानक बढ़ा दिखा। इस दिन आवक सप्ताह में सबसे कम 18 हजार 675 क्विंटल ही हुई थी। इस सीजन में मंडी में मुख्य आवक गेहूं की रहती है। यह भी पिछले चार दिनों में 12 हजार से 14 हजार क्विंटल तक ही रह गई है। दो दिन के अवकाश के बाद सोमवार को मंडी का पहला कामकाजी दिन रहेगा ऐसे में आवक बढऩे के आसार है। मंडी में अनाज कम आ रहा है तो इसका असर मंडी को मिलने वाले टैक्स पर भी पड़ रहा है। दोपहर के समय सन्नाटा कृषि मंडी परिसर में दोपहर के समय सन्नाटा नजर आने लगा है। बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली और किसानों की भीड़ अब कम हो रही है। तेज गर्मी के चलते श्रमिक और हम्माल भी दोपहर को धूप में काम करने से बच रहे हैं। मई महीने में तापमान लगातार 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। इसका सीधा असर खेती-किसानी से जुड़े कार्यों पर पड़ रहा है। किसान भी अत्यधिक गर्मी में लंबे समय तक मंडी परिसर में रुकने से बच रहे हैं। ईएमएस/मोहने/ 17 मई 2026