क्षेत्रीय
17-May-2026


हाथरस (ईएमएस)। आगरा अलीगढ़ रोड पुरानी सब्जी मंडीके सामने नवज्योति नर्सिंग होम में एक प्रसूता और उसके नवजात बच्चे की सात मई को हुई मौत के बाद हड़कंप मच गया। यह नर्सिंग होम जच्चा-बच्चा की मौत के बाद सीज कर दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के आला प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के अफसरान ने मौके पर पहुंचकर सघन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। रविवार को मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक सात मई दिन गुरूवार को उपचार के दौरान जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। मामले की जानकारी लेने के लिए मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, एसडीएम नीरज शर्मा, एसीएमओ डॉ. राजीव गुप्ता और एमओआईसी डॉ. पंकज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये थे। प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने अस्पताल पहुंचते ही स्थिति का जायजा लिया और घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने संबंधित चिकित्सक और स्टाफ से भी पूछताछ की। टीम ने अस्पताल के पंजीकरण, डॉक्टर की डिग्री और प्रसव के दौरान अपनाई गई प्रक्रियाओं से जुड़े दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौके पर मौजूद चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ से प्रसूता की मौत के कारणों को लेकर गहन पूछताछ की गई और उनके बयान दर्ज किए गए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और चिकित्सक की डिग्री आदि की बारीकी से जांच की। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से क्षेत्र के अन्य निजी अस्पतालों और बिना पंजीकरण के चल रहे क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। टीम अस्पताल में पहुंचकर अपनी जांच रिपोर्ट तैयार करने में जुटी है। ईएमएस / 17/05/2026