चेन्नई (ईएमएस)। तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम को बड़ा सियासी झटका लग सकता है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने साफ चेतावनी दी है कि यदि टीवीके अपने गठबंधन में एआईएडीएमके के किसी भी गुट को शामिल करती है, तो सीपीएम अपने समर्थन पर पुनर्विचार करेगी। पार्टी ने इसे जनता के जनादेश और साफ-सुथरे शासन के खिलाफ बताया है। सीपीएम नेताओं का कहना है कि तमिलनाडु की जनता ने चुनाव में डीएमके और एआईएडीएमके दोनों के खिलाफ जनादेश दिया है। ऐसे में एआईएडीएमके को सरकार या गठबंधन में शामिल करना जनता की भावना के विपरीत होगा। पार्टी ने यह भी कहा कि टीवीके ने जनता से क्लीन गवर्नेंस का वादा किया था और एआईएडीएमके को साथ लेने से उसकी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होंगे। हालांकि सीपीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल वह राजनीतिक स्थिरता बनाए रखने और बीजेपी को सत्ता से दूर रखने की रणनीति के तहत टीवीके का समर्थन कर रही है। पार्टी का कहना है कि अगर राज्य में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ती है, तो बीजेपी ‘गवर्नर रूल’ के जरिए पीछे के रास्ते से सत्ता में आने की कोशिश कर सकती है। सीपीएम के इस बयान के बाद तमिलनाडु की सियासत में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की नजर विजय और उनकी पार्टी टीवीके पर टिकी है कि वह एआईएडीएमके को लेकर आगे क्या फैसला लेती है। सुबोध/१९ -०५-२०२६