राष्ट्रीय
19-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। मंगलवार को कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि मौसम विभाग ने आने वाले एक सप्ताह तक राहत नहीं मिलने की चेतावनी दी है। भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट और उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, 19 और 20 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं 21 से 25 मई तक भी कई इलाकों में लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले सात दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और फिलहाल बारिश के आसार भी नहीं हैं। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अखिल श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और विदर्भ के कई हिस्सों में भी लू का असर बना रहेगा। दिन के समय 15 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ समय में 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। साथ ही ज्यादा पानी पीने, हल्के और ढीले कपड़े पहनने तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। सुबोध/१९ -०५-२०२६