राष्ट्रीय
19-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। नीट यूजी री-एग्जाम को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर परीक्षा की सुरक्षा, पारदर्शिता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए कि इस बार परीक्षा में किसी भी तरह की चूक की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए। दरअसल, 3 मई को आयोजित नीट परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद विवादों में घिर गई थी। करीब 22 लाख छात्रों के भविष्य पर सवाल उठने के बाद सरकार ने परीक्षा रद्द कर दी थी। अब री-एग्जाम 21 जून को कराया जाएगा। बैठक में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पिछली परीक्षा में सामने आई सभी खामियों को पूरी तरह दूर किया जाए और री-नीट परीक्षा को सुरक्षित, निष्पक्ष और फुलप्रूफ तरीके से आयोजित किया जाए। उन्होंने सभी राज्यों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके। केंद्रीय मंत्री ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, निगरानी बढ़ाने और हर स्तर पर सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, परिवहन और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। सरकार का कहना है कि इस बार परीक्षा पूरी पारदर्शिता और कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल के साथ कराई जाएगी, ताकि छात्रों और अभिभावकों का भरोसा दोबारा कायम किया जा सके। सुबोध/१९ -०५-२०२६