- हर महीने मेंटेनेंस का बहाना: भीषण गर्मी में 5 घंटे बिजली गुल, शिवपुरी में जनता ने उठाए सवाल शिवपुरी (ईएमएस)। शिवपुरी शहर में भीषण गर्मी में बिजली कंपनी की मनमानी से लोग परेशान हैं। मेंटेनेंस के नाम पर शहर में रोज 4 से 5 घंटे की बिजली कटौती की जा रही है। इस समय अधिकतम तापमान 45 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में बिजली गुल होना लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के इस दौर में इस तरह की मनमानी कटौती गलत है। अगर मेंटेनेंस करना था तो समय रहते पहले क्यों नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि हर महीने मेंटेनेंस के नाम पर कटौती की जा रही है। इससे आम जनता, बच्चे और बुजुर्ग बेहाल हैं। बुधवार को शिवपुरी शहर के गौतम विहार, सर्किट हाउस रोड, रामबाग कॉलोनी, न्यू शिव कॉलोनी, नक्षत्र कॉलोनी, शक्तिपुरम कॉलोनी के आसपास के इलाकों में मेंटेनेंस के नाम पर बिजली कटौती की गई है और इस इलाके में सुबह 7:00 बजे से बिजली गायब है। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के प्रभारी जिले शिवपुरी में ही विद्युत मंडल की मनमानी चल रही है। मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली बंद रखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रभारी मंत्री से मामले में दखल देकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों ने कहा कि इस भीषण गर्मी में बिना सूचना लंबी कटौती अमानवीय है। 20 मई /2026