मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के घाटकोपर इलाके के गरोडिया नगर में रहने वाले 77 वर्षीय श्रम कानून सलाहकार से साइबर ठगों ने खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अधिकारी बताकर 50 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में पूर्व रीजन साइबर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, 12 से 14 मई के बीच पीड़ित को कई फोन कॉल आए। कॉल करने वालों ने अपने नाम विजय खन्ना, संदीप यादव और राहुल गुप्ता बताते हुए खुद को दिल्ली के वरिष्ठ ईडी अधिकारी बताया। ठगों ने दावा किया कि पीड़ित के आधार कार्ड का इस्तेमाल कर दिल्ली में बैंक खाता खोला गया है, जिसका उपयोग अवैध वित्तीय लेनदेन में हो रहा है। आरोपियों ने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी और संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया है। डर पैदा करने के लिए बुजुर्ग को व्हाट्सऐप वीडियो कॉल पर नकली कोर्ट कार्यवाही और ईडी अधिकारियों का नाटक भी दिखाया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ित को कानूनी कार्रवाई और जान से नुकसान पहुंचाने की धमकी दी तथा किसी को भी इस बारे में न बताने के निर्देश दिए। गिरफ्तारी के डर से पीड़ित ने 14 मई को अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट तुड़वाकर 50 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए आरोपियों द्वारा दिए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब पीड़ित ने पंत नगर पुलिस थाना से संपर्क किया, तब उन्हें पता चला कि वे “डिजिटल अरेस्ट” साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन ‘1930’ पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। - २० मई/२०२६/ईएमएस